टोल नाकों को फ्री करने से पूर्व मथुरा किसान नेता गिरफ्तार

भाकियू चढूनी के पदाधिकारियों को सुबह ही जगह जगह किया हाउस अरेस्ट

मथुरा/  भारतीय किसान यूनियन चढूनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी के राष्ट्रीय आव्हान पर आज शुक्रवार को हरियाणा, पंजाब सहित पश्चिमी यूपी में टोल नाकों को जनता के लिए दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक जनपद में टोल फ्री करना था। लेकिन उससे पूर्व ही जनपद की  पुलिस द्वारा भाकियू कार्यकर्ताओं को जगह जगह हाउस अरेस्ट कर लिया गया। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रतन सिंह पहलवान, मंडल अध्यक्ष आगरा मंडल रामवीर सिंह तोमर, मंडल उपाध्यक्ष राधेश्याम, जिला उपाध्यक्ष सोनवीर सिंह, मंडल सचिव हरिपाल सिंह परिहार को कैंप कार्यालय गढ़सौली में नजर बंद कर दिया गया। जिला अध्यक्ष रामफल सिंह सुबेदार, जिला उपाध्यक्ष अंतराम, कन्हैला तोमर आदि को जादोपुर में हाउस अरेस्ट कर लिया गया, मांट के गांव नगला कलोंदी में मांट तहसील प्रवक्ता रामवीर सिंह को हाउस अरेस्ट कर लिया गया, प्रदेश महासचिव डा सतीश चन्द्र आदि को खप्परपुर पुलिस द्वारा नजर बंद कर दिया गया इससे किसानों ने भारी आक्रोश जताया है। भाकियू चढूनी के मंडल अध्यक्ष आगरा मंडल रामवीर सिंह तोमर ने कहा है कि पुलिस किसान नेताओं के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार कर रही है। उनके रास्तों में कील बिछाई जा रही हैं, उन पर रबर बुलेट से लेकर आंसू गैस के गोले दागे जा रहे हैं। ऐसा व्यवहार किया जा रहा है जैसे  वह कोई पराए लोग हैं। अन्न दाता जायज मांग कर रहा है, एमएसपी सहित अन्य मांगों को सरकार को अविलंब मान लेना चाहिए। मंडल महासचिव प्रेम सिंह सिकरवार, जिला उपाध्यक्ष विजयपाल सिंह चौधरी , तहसील अध्यक्ष मांट चरण सिंह पवार, तहसील अध्यक्ष महावन मान सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष राया प्रताप सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष फरह अशोक चौधरी ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन चढूनी किसानों के हक के लिए  किसान आन्दोलन में पूरी ताकत से से भाग लेगा।

राजकुमार गुप्ता

जिला संवाददाता मथुरा

Exit mobile version