A2Z सभी खबर सभी जिले की

वॉश ऑन व्हील्स” से पांढुर्णा जिले में स्वच्छता की नई पहचान, गांव-गांव पहुंच रही मोबाइल सफाई सेवा, ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता को मिल रही नई मजबूती

 “वॉश ऑन व्हील्स” से पांढुर्णा जिले में स्वच्छता की नई पहचान

गांव-गांव पहुंच रही मोबाइल सफाई सेवा, ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता को मिल रही नई मजबूती

संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश

पांढुर्णा जिले में स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में एक अभिनव पहल “वॉश ऑन व्हील्स” सेवा के रूप में सामने आई है। कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के मार्गदर्शन एवं सीईओ जिला पंचायत छिंदवाड़ा/पांढुर्णा श्री अग्रिम कुमार के नेतृत्व में जिला पंचायत द्वारा प्रारंभ की गई यह पहल आज ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता का सशक्त माध्यम बन चुकी है। इस नवाचार के माध्यम से गांव-गांव तक मोबाइल सफाई सेवा पहुंचाकर शौचालयों की नियमित, व्यवस्थित एवं प्रभावी सफाई सुनिश्चित की जा रही है।

72 ग्राम पंचायतों में चल रहा स्वच्छता अभियान, मोबाइल इकाइयों से हो रही नियमित सफाई

Related Articles

“वॉश ऑन व्हील्स” अभियान के अंतर्गत जनपद पंचायत पांढुर्णा की कुल 72 ग्राम पंचायतों को 5 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर में स्वच्छता साथियों की टीम के माध्यम से शाला शौचालयों, सामुदायिक स्वच्छता परिसरों तथा व्यक्तिगत शौचालयों की नियमित सफाई कराई जा रही है।

मोबाइल इकाइयों के जरिए गांव-गांव पहुंचकर शौचालयों की सफाई एवं रखरखाव किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था मजबूत हुई है। इस पहल से न केवल स्वच्छ वातावरण तैयार हो रहा है, बल्कि ग्रामीणों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता एवं जिम्मेदारी की भावना भी विकसित हो रही है।

यह पहल विशेष रूप से उन ग्रामीण क्षेत्रों के लिए लाभकारी साबित हो रही है, जहां नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करना चुनौतीपूर्ण था। अब मोबाइल सफाई सेवा के माध्यम से गांवों में स्वच्छता सेवाएं आसानी से उपलब्ध हो रही हैं।
कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देशानुसार एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार के मार्गदर्शन में “स्वच्छ ग्राम-सुजल ग्राम” की अवधारणा को साकार करने की दिशा में जल जीवन मिशन के सहयोग से जिले द्वारा “वॉश ऑन व्हील्स” सेवा को अपग्रेड कर “वॉश ऑन व्हील्स प्लस” सेवा प्रारंभ की गई है।

इस सेवा के अंतर्गत ओवरहेड टैंक की सफाई, नल-टोटी बदलने का कार्य, वाल्व रिपेयरिंग, शालाओं एवं आंगनवाड़ियों में पेयजल टंकियों की सफाई जैसे कार्य स्वच्छता साथियों द्वारा “WOW APP” पर बुकिंग उपरांत किए जा रहे हैं। वर्तमान दिनांक तक “वॉश ऑन व्हील्स प्लस सेवा के माध्यम से 1010 यूनिटों की सफाई की जाकर लगभग 3 लाख रुपये की अतिरिक्त आय स्वच्छता साथियों द्वारा अर्जित की जा चुकी है।

वॉश ऑन व्हील्स एप” से सेवाएं हुईं और अधिक सुलभ, राष्ट्रीय स्तर पर मिल रही सराहना

इस नवाचार को और अधिक प्रभावी एवं जनसुलभ बनाने के लिए मध्यप्रदेश शासन द्वारा स्थापना दिवस के अवसर पर “वॉश ऑन व्हील्स एप भी लॉन्च किया गया है। इस एप के माध्यम से हितग्राही अपने घर या परिसर में स्थित शौचालयों की सफाई के लिए ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। इससे स्वच्छता सेवाएं आमजन तक सरलता एवं सुगमता से पहुंच रही हैं।

उल्लेखनीय है कि पांढुर्णा जिले में प्रारंभ किए गए “वॉश ऑन व्हील्स” एवं “वॉश ऑन व्हील्स प्लस” नवाचार को राष्ट्रीय स्तर पर लगातार सराहना प्राप्त हो रही है। जिले से प्रारंभ इन सेवाओं की सफलता को देखते हुए अन्य राज्यों द्वारा भी इसे लागू करने की कार्यवाही की जा रही है। यह पहल स्वच्छता, जनसहभागिता एवं नवाचार का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभर रही है। जिले में यह अभियान न केवल साफ-सफाई की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है, बल्कि ग्रामीण जीवन स्तर को बेहतर बनाने एवं स्वस्थ वातावरण निर्मित करने में भी अहम भूमिका निभा रहा है।

Show More
Back to top button