
छपरा सारण से डॉ देशराज बिक्रांत की रिपोर्ट
छपरा नगर निगम ने शहर में बढ़ती आवारा कुत्तों की संख्या और इससे उत्पन्न खतरे को देखते हुए विशेष अभियान शुरू किया है। सुबह-शाम टहलने वाले नागरिकों, स्कूल-कॉलेज जाने वाले बच्चों, महिलाओं एवं राहगीरों को अक्सर कुत्तों के झुंड से खतरे की शिकायतें मिल रही थीं। इसी को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने कुत्तों को पकड़ने और उन्हें सुरक्षित तरीके से उपचार हेतु ले जाने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं—
06152-242027 और 9852562776
इन नंबरों पर सूचना मिलते ही नगर निगम की विशेष टीम तुरंत संबंधित स्थान पर पहुंचकर आवारा कुत्तों को सुरक्षित पकड़ने की प्रक्रिया शुरू करेगी। पकड़े गए कुत्तों को निगम के पशु चिकित्सालय में ले जाकर उनकी एंटी रैबीज वैक्सीन, नसबंदी एवं स्वास्थ्य जांच की जाएगी। उपचार के बाद उन्हें निर्धारित सुरक्षित स्थल पर रखा जाएगा।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, चल रहे अभियान के दौरान प्रतिदिन 30–40 कुत्तों को पकड़कर चिकित्सीय प्रक्रिया से गुजराया जा रहा है। प्रशासन का लक्ष्य है कि आने वाले समय में शहर में आवारा कुत्तों की संख्या नियंत्रित होकर नागरिकों को राहत मिले।
सुरक्षा जागरूकता को बढ़ाने के लिए नगर निगम ने प्रमुख चौक, बाजार क्षेत्रों एवं अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में बैनर लगाकर हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी उपलब्ध कराई है। निगम ने अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या अधिक हो या किसी के लिए खतरा पैदा कर रही हो, तो तुरंत हेल्पलाइन पर सूचना दें।
नगर आयुक्त ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यह अभियान तभी सफल होगा जब लोग समय पर सूचना दें और जागरूकता दिखाएँ। निगम का उद्देश्य शहर को सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाना है।
