

शाहजहांपुर। शहर की सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए नगर आयुक्त डॉ. बिपिन कुमार मिश्र लगातार वार्डों का दौरा कर रहे हैं। इसी कड़ी में उन्होंने गुरुवार को ककरा वार्ड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सफाई कार्यों को संतोषजनक पाया, लेकिन कर्मचारियों को और अधिक प्रभावी ढंग से काम करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कूड़े का समय पर उठान सुनिश्चित करने को कहा और वार्ड में “ब्लैक स्पॉट” (गंदगी वाले स्थान) की पहचान कर वहाँ विशेष सफाई अभियान चलाने का आदेश दिया।
मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी सेंटर का निरीक्षण
नगर आयुक्त ने ककरा में नगर निगम द्वारा संचालित मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (MRF) सेंटर का भी जायजा लिया। उन्होंने वहाँ कचरा निस्तारण की प्रक्रिया को देखा और अधिकारियों को निर्देश दिया कि महानगर से आने वाले कचरे को उसी दिन निस्तारित किया जाए ताकि सेंटर पर कचरे का ढेर न लगे।
डॉ. मिश्र ने गीले कचरे से खाद बनाने की प्रक्रिया की भी समीक्षा की और इसे जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सफाई व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर की गरिमा के लिए सफाई को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए
