
शिक्षकों के खातों में पिछले कई माह से कर्मचारी भविष्य निधि की राशि जमा नहीं होने से शिक्षक वर्ग में भारी नाराजगी है। इस मुद्दे को लेकर शिक्षक नेता समरेंद्र बहादुर सिंह ने ईपीएफ के नोडल पदाधिकारी अमित रंजन से मुलाकात की और शिक्षकों की समस्याओं को उनके समक्ष रखा।

उन्होंने कहा कि विभागीय निदेशानुसार शिक्षकों के वेतन से प्रतिमाह ईपीएफ राशि की कटौती की जाती है परंतु विभागीय लापरवाही के कारण शिक्षकों के ईपीएफ खाते में उक्त राशि अब तक अद्यतन नहीं की गई है । छह माह से भी ज्यादा समय से कटौती की गई राशि शिक्षकों के ईपीएफ खाते में जमा नहीं की गई है। जिससे शिक्षकों को वित्तीय हानि उठानी पड़ रही है और विशिष्ट शिक्षक बनने के बाद राशि निकालने में भी दिक्कत हो रही है। साथ ही जिले के विभिन्न प्रखंडों में ईपीएफ राशि जमा करने में भी एकरूपता नही है। शिक्षक नेता ने ईपीएफ मद में कटौती की गई राशि शिक्षकों के ईपीएफ खाते में अविलंब जमा करने की मांग की है।
नोडल पदाधिकारी ने शिक्षक प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया कि सभी त्रुटियों को सुधारते हुए लंबित ईपीएफ राशि को जल्द खातों में स्थानांतरित कर दिया जाएगा।

इस मौके पर शिक्षक नेता संजय यादव,विनोद राय,हवलदार मांझी,निजाम अहमद, फिरोज इकबाल, पीयूष तिवारी,पंकज प्रकाश सिंह,अंकित सिंह,अनिल दास,दिनेश प्रसाद,मेराज आलम,गुलाम साबिर,सुधा कुमारी,सरिता कुमारी,मनीषा कुमारी,अपूर्वा आर्या,राबिया खातून,चेतना कुमारी सहित अन्य शिक्षक उपस्थित थे।