
अनियंत्रित पिकप की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, दो गंभीर
लालगंज, प्रतापगढ़। अनियंत्रित पिकप ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दिया। जिससे बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गये। इलाज को ले जाने के दौरान एक युवक की रास्ते में ही मौत हो गयी। वहीं दो की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। अन्तू थाना क्षेत्र के किठावर नंदलाल का पुरवा निवासी शिवमूरत वर्मा 30 अपने गांव के रामराज वर्मा 32 व छतरपुर शिवाला गांव निवासी शुभम 24 के साथ एक बाइक से मंगलवार को सांगीपुर के भैंसना गांव में अपने रिश्तेदार के यहां शोक संवेदना जताने जा रहे थे। सांगीपुर के नौबस्ता के समीप दोपहर करीब डेढ़ बजे सामने से आ रही तेज गति से मैजिक पिकप ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दिया। जिससे बाइक सवार तीनों गंभीर रूप से घायल हो गये। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को इलाज के लिए लालगंज ट्रामा सेण्टर भेजवाया। यहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने तीनों युवकों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में ही गंभीर रूप से घायल शिवमूरत वर्मा की मौत हो गयी। वहीं जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने शुभम की हालत गंभीर देख उसे प्रयागराज मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। उधर घटना के बाद पिकप लेकर चालक फरार हो गया। सांगीपुर एसओ मनीष त्रिपाठी का कहना है कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
